
किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
घोरावल। सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र से 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र निवासी राहुल नामक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में किशोरी के पिता ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 9 सितंबर को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। काफी देर तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों द्वारा जानकारी जुटाने पर कथित तौर पर पता चला कि रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र का रहने वाला राहुल उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद किशोरी के पिता ने मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे घोरावल कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और बेटी की सकुशल बरामदगी के साथ आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।