
कटलहिया में पेड़ से लटका मिला 35 वर्षीय महिला का शव, इलाके में मचा हड़कंप; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी अंतर्गत कटलहिया गांव में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब पाल दरी के पास स्थित अरविंद बाबा आश्रम के समीप एक महिला का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर महिला का शव पेड़ से लटके होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस के साथ सुकृत चौकी प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह और उपनिरीक्षक रामासरे यादव पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतका की पहचान 35 वर्षीय बबिता वैगा पत्नी बलिराम, निवासी कटलहिया के रूप में हुई।
बताया गया कि बबिता पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। उसके परिवार में दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय बेटी हिमांशी और करीब डेढ़ वर्षीय बेटा गौरव शामिल हैं। वहीं, उसका पति बलिराम वर्तमान में दिल्ली में रहकर काम करता है।
परिजनों के मुताबिक, बबिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उसे कभी-कभी दौरे भी पड़ते थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेज दिया।
फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां की मौत के बाद पांच वर्षीय हिमांशी और डेढ़ वर्षीय गौरव के सिर से ममता का साया उठ गया। उम्र के उस नाजुक पड़ाव पर, जब बच्चों को मां के प्यार और दुलार की सबसे अधिक जरूरत होती है, दोनों मासूमों के जीवन में ऐसा दुखद खालीपन आ गया है, जिसकी भरपाई कर पाना बेहद मुश्किल है।