
अनपरा में भीषण सड़क हादसा: कोयला लदे ट्रेलर और रोडवेज बस की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत, चार घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जिले के अनपरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। बैरपान के पास शाम करीब चार बजे कोयला लदे ट्रेलर और रोडवेज बस के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
इस दर्दनाक हादसे में ट्रेलर चालक और एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में रोडवेज बस के तीन यात्री भी शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।