• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
अटल चौक के राजा के भव्य जागरण में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति में देर रात तक झूमे श्रद्धालु

अटल चौक के राजा के भव्य जागरण में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति में देर रात तक झूमे श्रद्धालु


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

*गणेश, राधा-कृष्ण, महादेव-पार्वती और मां दुर्गा की आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, अतिथियों ने की आयोजन की सराहना*

 

मीरजापुर,विंध्याचल। विंध्याचल के अटल चौराहा स्थित श्री गणेश महोत्सव पूजा समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी “श्री अटल चौक के राजा” गणपति बप्पा का गणेश महोत्सव धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर को विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। इसी क्रम में शनिवार की शाम 19 सितंबर को आयोजित भव्य झांकी एवं जागरण कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देर रात तक भक्ति के रंग में सराबोर रहे।

 

जागरण कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में भगवान गणेश, राधा-कृष्ण, भगवान महादेव एवं माता पार्वती, मां दुर्गा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। भक्ति गीतों और धार्मिक प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते रहे। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा अमरावती अटल चौराहा गूंजता रहा और देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सोहनलाल श्रीमाली, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी तथा मां विंध्यवासिनी मंदिर के प्रधान पुजारी अगस्त्य द्विवेदी ने पहुंचकर भगवान गणेश का दर्शन-पूजन किया। अतिथियों ने आयोजन समिति को गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को समाज में आपसी एकता और सद्भाव का माध्यम बताया।

 

विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल, भाजपा जिला सहकोषाध्यक्ष महेंद्र जायसवाल तथा जायसवाल क्लब मीरजापुर के जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल कार्यक्रम में पहुंचे। सभी अतिथियों का समिति के अध्यक्ष डब्बू बरनवाल ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।

 

इस दौरान भाजपा जिला सहकोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता महेंद्र जायसवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश महोत्सव को श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता से जुड़ा आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश की आराधना से शुभ कार्यों की शुरुआत होती है और ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा एवं सकारात्मक वातावरण को मजबूत करते हैं। उन्होंने श्री गणेश महोत्सव पूजा समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि समिति द्वारा जिस उत्साह और समर्पण के साथ आयोजन किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए समिति के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

 

कार्यक्रम में समिति के दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ व्यवस्था में जुटे रहे। कार्यकर्ताओं की मेहनत और आपसी सहयोग से जागरण एवं झांकी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन में क्षेत्र के लोगों की भी बड़ी सहभागिता रही।

 

श्री गणेश महोत्सव पूजा समिति की ओर से 24 सितंबर को शाम पांच बजे भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 25 सितंबर को दोपहर 12 बजे गणपति बप्पा की प्रतिमा का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से भंडारा और विसर्जन कार्यक्रम में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

 

समिति अध्यक्ष डब्बू बरनवाल ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गणपति बप्पा के आशीर्वाद और सभी के सहयोग से महोत्सव के आगामी कार्यक्रम भी भव्य रूप से संपन्न कराए जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .