
ओवरलोड कोयला ट्रक से गिरा कोयला, बाइक सवार युवक की मौत — आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
📞 8382048247
सोनभद्र। जनपद के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एनसीएल खड़िया-दूधीचुआ मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप ओवरलोड कोयला लदे ट्रक से अचानक भारी मात्रा में कोयला सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे आ रही बाइक पर सवार दो युवक उसकी चपेट में आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना से गुस्साए परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए और मृतक का शव रखकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में ओवरलोड कोयला वाहनों का संचालन लगातार जारी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ।
ग्रामीणों व परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर तत्काल प्रभाव से सख्ती की जाए तथा इस हादसे के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।