• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सेवा में, माननीय मुख्यमंत्री महोदय, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ। विषय: जनपद सोनभद्र के आरटीओ कार्यालय में लंबित लाइसेंस/नवीनीकरण कार्यों, अव्यवस्था एवं आम जनता की समस्याओं के संबंध में उच्च स्तरीय जांच एवं तत्काल कार्यवाही कराए जाने हेतु प्रार्थना पत्र।

सेवा में, माननीय मुख्यमंत्री महोदय, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ। विषय: जनपद सोनभद्र के आरटीओ कार्यालय में लंबित लाइसेंस/नवीनीकरण कार्यों, अव्यवस्था एवं आम जनता की समस्याओं के संबंध में उच्च स्तरीय जांच एवं तत्काल कार्यवाही कराए जाने हेतु प्रार्थना पत्र।


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

संवादाता सलमान खान

महोदय,

सविनय निवेदन है कि मैं कमलेश पाण्डेय, सामाजिक एवं आरटीआई कार्यकर्ता, जनपद सोनभद्र, आपके संज्ञान में जनपद सोनभद्र के परिवहन विभाग/आरटीओ कार्यालय की गंभीर अव्यवस्था एवं आम जनता की समस्याओं को लाना चाहता हूं। इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत संख्या 40020026009072 के माध्यम से भी जांच की मांग की गई है।

जनपद सोनभद्र का आरटीओ कार्यालय इन दिनों भारी अव्यवस्था, लापरवाही एवं लंबित कार्यों के कारण आम जनता के लिए गंभीर समस्या का केंद्र बन चुका है। प्रतिदिन दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों, आदिवासी इलाकों एवं सीमावर्ती राज्यों से सैकड़ों लोग ड्राइविंग लाइसेंस, लाइसेंस नवीनीकरण, वाहन संबंधी कार्यों एवं अन्य परिवहन सेवाओं हेतु कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें समय से सुविधा एवं समाधान प्राप्त नहीं हो पा रहा है।

जनपद सोनभद्र भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जिला है, जो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, मिर्जापुर एवं वाराणसी की सीमाओं से जुड़ा हुआ है। यहां बड़ी संख्या में मजदूर, किसान, चालक, छोटे व्यापारी एवं आदिवासी समाज के लोग अपने दैनिक रोजगार एवं वाहन संचालन के लिए ड्राइविंग लाइसेंस पर निर्भर हैं।

वर्तमान समय में भीषण गर्मी एवं लगभग 47 डिग्री तापमान के बीच लोग कई-कई दिनों तक आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई गरीब मजदूर सुबह से शाम तक लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन उनके नवीनीकरण (Renewal), लंबित आवेदन (Pending) अथवा जारी लाइसेंस (Issued) की स्थिति स्पष्ट नहीं की जाती।

आरोप है कि कार्यालय में कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं हो रही है तथा बड़े बाबू कृपा शंकर दुबे, विनोद सोनकर एवं संबंधित कर्मचारियों द्वारा जनता को संतोषजनक जानकारी नहीं दी जा रही। लोग लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों में भारी आक्रोश एवं निराशा व्याप्त है। कई लोग आर्थिक तंगी में उधार लेकर किराया खर्च कर कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन बिना कार्य हुए वापस लौट जाते हैं। कई बुजुर्ग एवं बीमार लोग भीषण गर्मी में घंटों खड़े रहने के कारण अस्वस्थ हो रहे हैं।

महोदय, जनता जानना चाहती है कि—

आरटीओ कार्यालय में कुल कितने लाइसेंस नवीनीकरण आवेदन लंबित हैं?

कितने आवेदन स्वीकृत होकर जारी किए जा चुके हैं?

कितने आवेदन अभी तक लंबित रखे गए हैं एवं इसके पीछे क्या कारण हैं?

जनता की समस्याओं के समाधान हेतु अब तक क्या कार्यवाही की गई है?

भीषण गर्मी में आने वाले लोगों के लिए पीने का पानी, छाया, बैठने एवं स्वास्थ्य सुविधा की क्या व्यवस्था है?

यदि समय रहते इस व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आम जनता का शासन-प्रशासन से विश्वास उठता जाएगा। परिवहन विभाग का यह रवैया गरीब, मजदूर एवं ग्रामीण जनता के साथ अन्याय के समान प्रतीत हो रहा है।

अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि जनहित में तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराते हुए—

• आरटीओ कार्यालय में लंबित सभी कार्यों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।

• जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।

• आम जनता के लिए पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था लागू की जाए।

• भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल, पंखा, छाया एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

• लाइसेंस नवीनीकरण एवं अन्य लंबित कार्यों हेतु विशेष शिविर लगाकर लोगों को राहत प्रदान की जाए।

जनता को पूर्ण विश्वास है कि आपकी सरकार गरीब, किसान, मजदूर एवं आम नागरिकों के हित में त्वरित एवं कठोर कार्यवाही करेगी।

भवदीय,

कमलेश पाण्डेय

सामाजिक एवं आरटीआई कार्यकर्ता

जनपद सोनभद्र


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .