
बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, जेवरात व नकदी लेकर फरार हुए चोर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। जिगना थाना क्षेत्र के बिहसड़ा कला गांव में बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मुख्य दरवाजे समेत घर के दो कमरों के ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे और अलमारी व संदूक में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता पार्वती देवी पत्नी उमाशंकर ने बताया कि उनके पति मिर्जापुर में नौकरी करते हैं, जबकि वह अपने बेटे राहुल के साथ गांव स्थित घर में रहती हैं। मंगलवार को वह अपने बेटे के साथ विंध्याचल थाना क्षेत्र के हर्रई गांव स्थित अपने मायके गई थीं। घर पूरी तरह बंद था।
बुधवार शाम करीब पांच बजे जब वह वापस लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर प्रवेश करने पर दो कमरों के ताले भी टूटे मिले और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और संदूक खुले हुए थे। चोर घर में रखे पार्वती देवी और उनकी बहू के सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से शीघ्र खुलासा करने और गश्त बढ़ाने की मांग की।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बुधवार शाम चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस चोरी में शामिल बदमाशों की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।