
एक माह से फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला, बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। चोपन विकासखंड की ग्राम पंचायत अगोरी खास के टोला बिजौरा में पिछले एक महीने से खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर को अब तक नहीं बदले जाने से ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आ गया। भीषण गर्मी और लगातार बनी बिजली समस्या से परेशान ग्रामीणों ने समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव के नेतृत्व में विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि एक महीने से पूरे टोले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक संकट पेयजल व्यवस्था पर उत्पन्न हो गया है। बिजली के अभाव में मोटर और सबमर्सिबल पंप बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाई झेलनी पड़ रही है।
बिजली संकट का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। रात में अंधेरे के कारण बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, जबकि मोबाइल फोन चार्ज न होने से ऑनलाइन पढ़ाई और जरूरी संपर्क भी प्रभावित हो रहे हैं। किसानों को भी सिंचाई और कृषि संबंधी कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे व्यापारियों और दुकानदारों का कारोबार भी बिजली न रहने से प्रभावित हुआ है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव ने कहा कि यदि विद्युत विभाग शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं करता है तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को बुनियादी सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलकर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।