
साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ट्रक की चपेट में आई बाइक, हादसे में किशोर की मौत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले में बभनी-अम्बिकापुर मार्ग पर साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में एक बाइक पर सवार लोग ट्रक की चपेट में आ गए। इसमें एक की मौत हो गई। सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर शुक्रवार को देर शाम मधुघूटरा के समीप साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक सवार किशोर की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठे दो बच्चे और चालक बाल- बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।प्रमोद कुमार (14) पुत्र अशर्फी लाल निवासी पतेरीटोला बभनी तथा विजय कुमार (22) पुत्र जगदेव निवासी नवाटोला सतबहनी और साथ में दो बच्चे राकेश पुत्र पन्ना लाल तथा काजल पुत्री अनिल कुमार आधार कार्ड सुधरवाने के लिए वाड्रफनगर छत्तीसगढ़ गए हुए थे। वहां से वापस लौट रहे थे कि मधुघूटरा के समीप सड़क पर अचानक साइकिल आ गई। इस दौरान साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक चालक विजय कुमार ने हैंडिल काटा तो बाइक पर बैठे प्रमोद और दोनों बच्चे गिर गए। इस दौरान सामने से आ रहा ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। जिससे प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विजय कुमार तथा दोनों बच्चे राकेश व काजल बाल- बाल बच गए।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल बभनी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि मृतक के पिता अशर्फी लाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है।