
सोनभद्र: प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक पर दो छात्राओं से अशोभनीय व्यवहार का आरोप, गिरफ्तार, निलंबित
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के कोन विकास खंड स्थित प्राथमिक विद्यालय धोबी बस्ती में दो नाबालिग छात्राओं से कथित अशोभनीय व्यवहार के आरोप में एक शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुड़वा निवासी छात्राओं के परिजनों ने कोन थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 1 जुलाई 2026 को विद्यालय की छुट्टी के बाद प्राथमिक विद्यालय धोबी बस्ती के प्रभारी शिक्षक टीपू सुल्तान (निवासी रामगढ़, थाना पन्नूगंज) ने कक्षा तीन और कक्षा एक की दो छात्राओं को लॉलीपॉप का लालच देकर अपने पास बुलाया और उनके साथ कथित रूप से अशोभनीय हरकत की।
परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद दोनों बच्चियों ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। घटना सुनते ही परिजनों के साथ-साथ गांव के लोगों में भी रोष फैल गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। 3 जुलाई को जैसे ही आरोपी शिक्षक विद्यालय पहुंचा, पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा बच्चियों के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, घटना के बाद विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों में भय और नाराजगी का माहौल है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।