
सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवाडीह में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोन नदी में नहाने के दौरान दो किशोर छात्रों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरवाडीह निवासी विमलेश पासवान (17) पुत्र अशोक पासवान, अवनीश कन्नौजिया पुत्र सिकंदर कन्नौजिया तथा उनका साथी धीरज निवासी रामगढ़ स्कूटी से कोन ट्यूशन पढ़ने आए थे। तीनों इंटरमीडिएट के छात्र बताए जा रहे हैं। ट्यूशन समाप्त होने के बाद तीनों दोस्त घूमने के उद्देश्य से सोन नदी की ओर चले गए।
बताया जाता है कि नदी किनारे पहुंचने के बाद विमलेश और अवनीश नहाने के लिए पानी में उतर गए, जबकि धीरज किनारे पर ही मौजूद रहा। नहाने के दौरान दोनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। खुद को बचाने के लिए दोनों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर धीरज घबरा गया और तत्काल आसपास मौजूद ग्रामीणों को सहायता के लिए बुलाया।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों किशोरों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर कोन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
एक साथ दो होनहार छात्रों की असमय मौत से बरवाडीह गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।