• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
श्रावण मेला व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

श्रावण मेला व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

सोनभद्र। जनपद के घोरावल तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आस्था केंद्र बाबा शिवद्वार धाम में बुधवार की शाम उपजिलाधिकारी विशाल कुमार ने श्रावण मास में आयोजित होने वाले मेले एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर सहित प्रमुख संपर्क मार्गों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने शिवद्वार मार्ग, रॉबर्ट्सगंज मार्ग एवं मिर्जापुर मार्ग पर चल रहे सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, नगर पंचायत को मंदिर परिसर एवं मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि श्रावण मास में बाबा शिवद्वार धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़िए दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने को कहा।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी, ताकि श्रावण मेला एवं कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, नायब तहसीलदार विदित तिवारी, प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी, राजस्व विभाग के कर्मी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .