• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
रॉबर्ट्सगंज को जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत, 23.62 करोड़ की लागत से बनेगा 4.46 किमी लंबा आधुनिक नाला

रॉबर्ट्सगंज को जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत, 23.62 करोड़ की लागत से बनेगा 4.46 किमी लंबा आधुनिक नाला


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज शहर में वर्षों से बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर शहर के लिए 23.62 करोड़ रुपये की लागत से 4.46 किलोमीटर लंबा आधुनिक ड्रेनेज (नाला) निर्माण परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

कुछ समय पूर्व जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नगर के इमरती कॉलोनी, हाईवे के सामने, पुसौली-बढ़ौली चौराहा, मिशन अस्पताल तथा आसपास के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने बरसात में घरों, सड़कों और बाजारों में पानी भर जाने से होने वाली परेशानियों को विस्तार से बताया। लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जल जीवन मिशन (शहरी) की टीम को वैज्ञानिक आधार पर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

डीएम के निर्देश पर विशेषज्ञों द्वारा शहर के ड्रेनेज सिस्टम का विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन (फीजिबिलिटी स्टडी) कराया गया। अध्ययन के दौरान स्थल निरीक्षण, लेवल सर्वे, हाइड्रोलॉजी विश्लेषण, कंटूर मैपिंग, सैटेलाइट सर्वेक्षण तथा पिछले 30 वर्षों के वर्षा आंकड़ों का गहन अध्ययन किया गया। इसके आधार पर शहर के जल निकासी तंत्र को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क की योजना तैयार की गई।

प्रस्तावित 4.46 किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण इस प्रकार किया जाएगा कि बरसात का पानी तेजी से निकासी मार्ग तक पहुंचे और शहर की सड़कों, कॉलोनियों तथा प्रमुख चौराहों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इससे न केवल नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि यातायात व्यवस्था भी सुचारु रहेगी और जलभराव के कारण होने वाली सड़क क्षति, गंदगी तथा संक्रामक बीमारियों की आशंका में भी कमी आएगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़ी इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य में पारदर्शिता, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

नगरवासियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का अब स्थायी समाधान होगा और रॉबर्ट्सगंज शहर आधुनिक एवं सुव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था के साथ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .