• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
प्रधानाचार्या डॉ. रंजना शुक्ला बनीं चित्रकूट की बीएसए, भावभीनी विदाई में उमड़ा सम्मान और स्नेह

प्रधानाचार्या डॉ. रंजना शुक्ला बनीं चित्रकूट की बीएसए, भावभीनी विदाई में उमड़ा सम्मान और स्नेह


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

राबर्ट्सगंज स्थित पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. रंजना शुक्ला को चित्रकूट जनपद का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नियुक्त किए जाने पर शिक्षा जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी नई जिम्मेदारी की सूचना मिलते ही सोनभद्र के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके सम्मान में रविवार शाम राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, राबर्ट्सगंज के सभागार में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के दर्जनों प्रधानाचार्य एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. रंजना शुक्ला के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान, कुशल नेतृत्व और प्रशासनिक दक्षता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने भावुक संबोधन में डॉ. रंजना शुक्ला ने कहा कि सोनभद्र उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह है। यहां के लोगों का स्नेह, सहयोग और आत्मीयता उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है, जिसे वह कभी नहीं भूल पाएंगी। उन्होंने कहा कि सोनभद्र से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहेगा और यहां बिताए गए अनुभव उन्हें नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में प्रेरणा देते रहेंगे।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा कि डॉ. रंजना शुक्ला ने अपने कार्यकाल में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, छात्राओं को प्रोत्साहित करने तथा विद्यालयी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली, समर्पण और नेतृत्व क्षमता शिक्षा विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि चित्रकूट में भी वह अपनी प्रतिभा और अनुभव से शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों और प्रधानाचार्यों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। विदाई के इस भावुक क्षण में सम्मान, आत्मीयता और शुभकामनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। डॉ. रंजना शुक्ला की नई नियुक्ति को सोनभद्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी ने उनके सफल एवं उज्ज्वल प्रशासनिक कार्यकाल की कामना की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .