• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
मिर्जापुर: ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले  अंतरराज्यीय सांसी गैंग का भंडाफोड़, हरियाणा के चार शातिर गिरफ्तार

मिर्जापुर: ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले  अंतरराज्यीय सांसी गैंग का भंडाफोड़, हरियाणा के चार शातिर गिरफ्तार


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

मिर्जापुर में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय सांसी गैंग का बड़ा खुलासा हुआ है। संयुक्त टीम ने हरियाणा निवासी गैंग के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 13202 राजगीर जनता एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 में सांसी गैंग के सदस्य यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने पूरी रणनीति के साथ ट्रेन के मिर्जापुर स्टेशन पहुंचते ही कोच की घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी सुरेंद्र राजपूत, जॉनी, मुकेश कुमार और सुरेंद्र के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के पांच मोबाइल फोन, आभूषण और नकदी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके गिरोह में कुल 7 से 8 सदस्य शामिल हैं। गैंग बेहद शातिर तरीके से ट्रेनों में वारदात को अंजाम देता था। गिरोह के कुछ सदस्य यात्रियों से बातचीत कर उनका विश्वास जीतते और उनका ध्यान दूसरी ओर भटकाते थे, जबकि अन्य सदस्य बैग और ट्रॉली बैग की चेन खोलकर मोबाइल फोन, जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। वारदात के बाद सभी सदस्य अलग-अलग स्थानों पर उतरकर पहचान से बचने की कोशिश करते थे।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास, उनके अन्य साथियों की तलाश और देश के विभिन्न राज्यों में हुई रेल चोरी की घटनाओं से उनके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान तेज कर दिया गया है। इस कार्रवाई से रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी तथा ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .