
नाली की सफाई के दौरान करंट की चपेट में आए अधेड़ की मौत, गांव में पसरा मातम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के सोनाई गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 64 वर्षीय अधेड़ की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सोनाई गांव निवासी रामवृक्ष पटेल (64) पुत्र स्वर्गीय चुन्नी लाल पटेल गुरुवार सुबह अपने घर के सामने पानी की निकासी के लिए नाली की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान नाली में किसी कारणवश अर्थिंग का करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही उनका संपर्क नाली के पानी से हुआ, वे तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़े।
घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन तत्काल उनकी मदद के लिए दौड़े। आनन-फानन में उन्हें पास के एक चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालांकि उनकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अदलहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय मिर्जापुर भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अदलहाट थाना प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के अनुसार, रामवृक्ष पटेल की मृत्यु करंट लगने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अर्थिंग एवं खुले विद्युत प्रवाह जैसी संभावित समस्याओं की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।