
लगातार दो दिन प्राथमिक विद्यालय में निकला करैत सांप, शिक्षकों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। म्योरपुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पतेरीटोला में गुरुवार और शुक्रवार को लगातार दो दिनों तक करैत प्रजाति के अत्यंत विषैले सर्प निकलने से विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि शिक्षकों की तत्परता, सूझबूझ और समय रहते उठाए गए कदमों के चलते सभी बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी भी छात्र, शिक्षक अथवा कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुभद्रा पांडेय ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप और अन्य विषैले जीवों के निकलने की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विद्यालय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है, झाड़ियों की कटाई कराई जा रही है तथा ऐसे सभी स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है जहां विषैले जीवों के छिपने की संभावना रहती है। विद्यालय की दाई को भी पूरे परिसर पर लगातार नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विषैले जीव के दिखाई देने पर तत्काल शिक्षकों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानाध्यापिका ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बरसात के मौसम में बच्चों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करें तथा विद्यालय आने-जाने के दौरान भी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में ऐसी किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
लगातार दो दिनों तक करैत जैसे विषैले सर्प के निकलने की घटना ने बरसात के मौसम में विद्यालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। विद्यालय प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।