
तेज आंधी-तूफान से जोपा-रामपुर पांटून पुल ध्वस्त, गंगा पार आवागमन ठप
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
मिर्जापुर
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
मंगलवार की रात आए तेज आंधी-तूफान ने एक बार फिर जोपा गांव के सामने गंगा नदी पर बने जोपा-रामपुर घाट पांटून पुल को तहस-नहस कर दिया। बुधवार को भी पुल से आवागमन पूरी तरह बंद रहा, जिससे गंगा के दोनों किनारों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे वैकल्पिक व्यवस्था के तहत किसी तरह पुल पर आवागमन बहाल कराया गया था, लेकिन बुधवार सुबह फिर हालात बिगड़ गए और पुल दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया।
भदोही जिले के गोपीगंज, जंगीगंज और ज्ञानपुर जाने वाले व्यापारी व मजदूर मायूस होकर लौटने को मजबूर हो गए। वहीं मिर्जापुर के लालगंज होते हुए मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को भी घंटों तक फंसे रहना पड़ा।
पीडब्ल्यूडी (भदोही) के अवर अभियंता अंशू मिश्रा के अनुसार नरौरा डैम से गंगा में करीब 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर ढाई से तीन फीट तक बढ़ गया है। इससे पुल के उत्तरी छोर का संपर्क मार्ग पानी में डूब गया, जिसके चलते नया पीपा जोड़ना संभव नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को लोहे के पुराने गार्डर पर लकड़ी के पटरे और चकर प्लेट लगाकर अस्थायी रूप से आवागमन शुरू कराया गया था, लेकिन तेज हवा और बढ़े जलस्तर के कारण पुल फिर क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मजदूरों को बुला लिया गया है और दोपहर बाद आवागमन बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, मजबूरी में बाइक सवार और पैदल यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे गंगा पार कर रहे हैं। तेज हवाओं के बीच यह स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।