
उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा–2025 को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने हेतु पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण/निरीक्षण, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा–2025 को जनपद सोनभद्र में सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा द्वारा आज दिनांक 15.03.2026 को मय पुलिस बल विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण/निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा ड्यूटी में तैनात अधिकारी/कर्मचारीगण को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा राजा शारदा महेश इण्टर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज, चन्द्रगुप्त मौर्य इण्टर कॉलेज मधुपुर रॉबर्ट्सगंज, आदर्श इण्टर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज तथा राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज पर पहुंचकर परीक्षा की व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों के प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्रों के बाहर एवं आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संदिग्ध व्यक्तियों की सतर्कता से चेकिंग, परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नकल माफिया या असामाजिक तत्व सक्रिय न होने पाएं।
पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी में तैनात समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को निर्देशित किया गया कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधन या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जनपद सोनभद्र पुलिस द्वारा उक्त परीक्षा को पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता, शुचिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी एवं आवश्यक समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।