
सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: बारातियों की कार पलटी, तीन युवकों की मौके पर मौत, चार घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। शादी समारोह से लौट रही बारातियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर लोढ़ी स्थित टाटा मोटर्स एजेंसी के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे और सभी एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में दिलीप पासवान, नीतीश यादव और जितेंद्र साहनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।
घायलों में चालक छोटेलाल साहनी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सभी बाराती खलियारी बैनी रायपुर से कन्हौरा लौट रहे थे, तभी यह भीषण दुर्घटना हो गई।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।