
बभनी के नधीरा में भीषण सड़क हादसा: ऑटो-बाइक टक्कर में युवक की मौत, 4 गंभीर घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
तड़के हुए हादसे से मचा हड़कंप, घायलों को 108 एंबुलेंस से म्योरपुर CHC में भर्ती कराया गया
सोनभद्र जनपद के बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नधीरा गांव में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऑटो और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजपुर थाना क्षेत्र के डोडहर निवासी बाइक सवार धरम (35), लोकमन (33), अजय (34) और आरके कुमार (35) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार नधीरा निवासी चंपा देवी (30) भी बुरी तरह जख्मी हो गईं।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।