• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को प्रस्तुत किया गया एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूह आधारित जनपद विकास मॉडल प्रस्ताव

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को प्रस्तुत किया गया एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूह आधारित जनपद विकास मॉडल प्रस्ताव


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

सोनभद्र।

तेजस्वी संगठन न्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष इंजी. प्रकाश पाण्डेय ने सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से शिष्टाचार भेंट कर संस्था का परिचयात्मक पत्र सौंपा तथा किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ/एफपीसी) एवं युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु तैयार एक व्यापक जनपद विकास मॉडल प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

भेंट के दौरान इंजी. प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि तेजस्वी संगठन न्यास ग्रामीण विकास, कृषि उन्नयन, महिला उद्यमिता, स्वरोजगार, कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संस्था की प्रमुख पहल “तेजस्वी किसान मार्ट” किसानों, एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों को बाजार, ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन से जोड़ने का कार्य कर रही है।

जिलाधिकारी को प्रस्तुत मॉडल प्रस्ताव में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों तथा किसान उत्पादक संगठनों के सहयोग से जनपद के प्रत्येक विकासखंड में तेजस्वी किसान मार्ट स्टोर स्थापित करने की कार्ययोजना रखी गई। इस मॉडल का उद्देश्य स्थानीय कृषि एवं ग्रामीण उत्पादों के लिए स्थायी विपणन व्यवस्था विकसित करना, महिला समूहों की आय में वृद्धि करना तथा ग्रामीण युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रस्ताव में बताया गया कि प्रत्येक विकासखंड में स्थापित होने वाले स्टोर किसानों, स्वयं सहायता समूहों एवं एफपीओ द्वारा उत्पादित आटा, दाल, चावल, श्रीअन्न, मसाले, सरसों तेल, गुड़, अचार, मुरब्बा, खाद्य प्रसंस्कृत उत्पाद एवं अन्य स्थानीय उत्पादों के विपणन केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। इससे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।

इंजी. प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि इस मॉडल की व्यवहारिक सफलता का उदाहरण विकासखंड करमा की ग्राम पंचायत खुटहनिया में स्थापित लक्ष्मी गणेश आजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित तेजस्वी किसान मार्ट के 9वें स्टोर के रूप में देखा जा सकता है, जहां महिला समूह स्थानीय उत्पादों के विपणन एवं संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह मॉडल केवल व्यापारिक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण उद्यमिता एवं आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक समग्र प्रयास है। यह पहल “वोकल फॉर लोकल”, “आत्मनिर्भर भारत” एवं “लखपति दीदी” जैसे राष्ट्रीय अभियानों के उद्देश्यों को भी मजबूती प्रदान करेगी।

 

इस अवसर पर तेजस्वी न्यूज़ लाइव के ब्यूरो चीफ कमलेश पाण्डेय भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनपद के किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के आर्थिक उत्थान तथा ग्रामीण विकास की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई।

संस्था ने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के सहयोग से यह मॉडल सोनभद्र के प्रत्येक विकासखंड में लागू होकर किसानों, महिला समूहों एवं युवाओं के लिए आर्थिक समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त करेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .