
परसाटोला मार्केट में दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, चालक बाल-बाल बचे
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
बभनी। सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के परसाटोला मार्केट में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे तेज आवाज के साथ दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक छत्तीसगढ़ की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक बनारस की दिशा में जा रहा था। दोनों वाहन जैसे ही परसाटोला मार्केट के पास पहुंचे, उसी दौरान अचानक दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल दोनों ट्रकों के चालकों का हाल जाना और उन्हें वाहनों से बाहर निकलने में मदद की। गनीमत रही कि भीषण टक्कर के बावजूद दोनों चालक सुरक्षित रहे।
हादसे में दोनों ट्रकों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त होने से वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, ऐसे में सावधानी और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।