• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

*जून माह तक हर घर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, प्रतिदिन 250 कनेक्शन देने का लक्ष्य तय*

 

 

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज दुद्धी क्षेत्र स्थित अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना का औचक निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत किसी भी गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए तथा जून माह तक प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

 

निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना के माध्यम से कनहर डैम से पानी उठाकर कुल 54 गांवों में जलापूर्ति की जानी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अमवार, बाघाडू, दिघुल, देवपुरा, टेड़ा एवं जामापानी सहित 6 गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई है।

 

जिलाधिकारी ने मौके पर ही ग्राम दिघुल के प्रधान से मोबाइल फोन पर वार्ता कर गांव में पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। ग्राम प्रधान द्वारा बताया गया कि गांव में लगभग 60 प्रतिशत घरों में अभी तक पाइपलाइन कनेक्शन नहीं हो सका है तथा जिन घरों में कनेक्शन दिए गए हैं, उनमें से भी बहुत कम घरों तक नियमित पानी पहुंच रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 250 मैनपावर लगाकर प्रतिदिन कम से कम 250 घरों में कनेक्शन देने का कार्य कराया जाए तथा जून माह तक सभी पात्र घरों में कनेक्शन पूर्ण कर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जहां-जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है, वहां ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस टीम द्वारा तत्काल मरम्मत का कार्य कराया जाए, ताकि किसी भी गांव की जलापूर्ति प्रभावित न हो।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि पाइपलाइन टूटने अथवा अन्य कारणों से किसी गांव की पानी आपूर्ति बाधित होती है तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार एजेंसी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी गांवों में हाउस कनेक्शन का कार्य युद्धस्तर पर कराने तथा प्रतिदिन कार्य की जीओ टैगिंग एवं प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिस दिन प्रगति रिपोर्ट प्राप्त नहीं होगी, उस दिन संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .