
जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
– जिलाधिकारी ने वायु प्रदूषण के मानकों का अनुपालन न करने वालों पर कड़ी कार्यवाही कर जुर्माना लगाने के दिए निर्देश
ब्यूरो चीफ : रिजवान सिद्दीकी
बिजनौर। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागर में जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंगल यूज एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग को रोकने के लिए निरंतर छापेमारी की कार्यवाही एवं सिंगल यूज व प्रतिबंधित प्लास्टिक का उत्पादन करने वाली इकाइयों, डिस्ट्रीब्यूशन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होंने वायु प्रदूषण के मानकों का अनुपालन न करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने तथा जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। जब्त किये गए प्लास्टिक के पुनः प्रयोग में लाए जाने की शिकायत पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि जब्त प्लास्टिक का डिस्पोजल ठीक प्रकार से करना सुनिश्चित करें जिससे कि पुनः प्रयोग में न लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि सूखे व गीले कूड़े को अलग-अलग स्टोर किया जाये व डोर टू डोर कूडे को एकत्रित किया जाये। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों के निर्देश दिये कि नदियों में गिरने वाले कूड़े पर रोक लगाई जाए। अभियान चलाकर प्लास्टिक प्रदूषण के रोकथाम के संबंध में प्रचार प्रसार कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की नदी की स्वच्छता के लिए स्कूलों, महाविद्यालय में जागरूकता के कार्यक्रम कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण विभाग को निर्देश दिये कि जनपद में संचालित सभी इकाइयों का निरीक्षण किया जाये तथा नियम के विरुद्ध संचालित इकाइयों पर कार्यवाही करते हुए अवगत करायें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 कौशलेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।