
मिर्जापुर में सिक्स लेन रोड का सीमांकन शुरूः मुआवजा न मिलने पर किसानों ने रोका, लेखपाल के आश्वासन पर फिर शुरू
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर के चील्ह क्षेत्र में पुरजागीर बाजार से शिवपुर होते हुए समोगरा तक सिक्स लेन सड़क और पुल निर्माण के लिए सीमांकन कार्य शुरू किया गया। शिवाला कंस्ट्रक्शन कंपनी दिल्ली द्वारा यह कार्य प्रारंभकिया गया था, लेकिन सारीपट्टी चेकसारी के पास किसानों ने मुआवजा न मिलने का आरोप लगाते हुए इसे रोक दिया। बाद में क्षेत्रीय लेखपाल के आश्वासन पर कार्य फिर से शुरू हो सका। शिवाला कंस्ट्रक्शन कंपनी दिल्ली के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में दोनों ओर जेसीबी से गड्ढे खोदकर सीमांकन किया जा रहा है। सीमांकन पूरा होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। रामनाथ, राजनाथ, हंसराज, संजय कुमार, विजय कुमार और मिश्री प्रजापति सहित कई किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी भूमि का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है, जबकि सीमांकन कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी कारण उन्होंने कार्य को बाधित किया। कंस्ट्रक्शन कंपनी ने इसकी सूचना तत्काल एसडीएम मिर्जापुर को दी। एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल रमाशंकर शुक्ल को मौके पर भेजा। लेखपाल शुक्ल ने बतायाकि कुछ किसानों के फाट बंदी (भूमि विभाजन) संबंधी मामले स्पष्ट नहीं थे, जिसके कारण उनका भुगतान रुका हुआ था। उन्होंने किसानों को समझाया कि सीमांकन कार्य पूरा कर लिया गया है और एक सप्ताह के भीतर उनकी भूमि का मुआवजा मिल जाएगा। किसानों ने लेखपाल से कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर मुआवजा नहीं मिला, तो वे सड़क निर्माण नहीं होने देंगे। हालांकि, लेखपाल ने आश्वस्त किया कि सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और भुगतान जल्द ही हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि मिर्जापुर को जोड़ने वाला शास्त्री सेतु इन दिनों भारी जाम की समस्या से जूझ रहा है। आए दिन लगने वाले जाम से कई जिलों से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी होती है। इसी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा नए सिक्स लेन पुल और सिक्स लेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।