
रिश्तेदार के घर फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; निष्पक्ष जांच की मांग
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के कोन थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पीपरखड़ गांव निवासी विजय चेरों (35) का शव ग्राम पंचायत कचनरवा के बरवा टोला स्थित एक दूर के रिश्तेदार के घर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि विजय चेरों किसी कार्य से अपने रिश्तेदार के घर गए थे और रात में वहीं रुके हुए थे। देर रात करीब 10 बजे उनके फंदे से लटकने की सूचना मिली। सूचना पर कोन थाना पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि विजय की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है।
मृतक के भाई का कहना है कि विजय किसी प्रकार के मानसिक तनाव, आर्थिक परेशानी या पारिवारिक विवाद से नहीं जूझ रहे थे। ऐसे में उनकी मौत कई सवाल खड़े कर रही है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।