
संदिग्ध हालात में रेलवे ट्रैक पर मिला शव, बेटी की शादी से पहले घर में मातम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र:
सदर कोतवाली क्षेत्र के रौप गांव निवासी 40 वर्षीय श्याम सुंदर भारती का शव रविवार देर रात पीथा और सहिजन कला गांव के बीच रेलवे पटरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, श्याम सुंदर रविवार रात भोजन करने के बाद घर में सोए हुए थे। रात करीब 10 बजे गांव का ही एक व्यक्ति उन्हें आवाज देकर घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। परिवार वालों ने यह सोचकर ध्यान नहीं दिया कि वे आसपास ही होंगे।
मृतक की पत्नी उर्मिला ने बताया कि रात लगभग 12 बजे वही व्यक्ति वापस आया और सूचना दी कि श्याम सुंदर का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक पुलिस वहां पहुंच चुकी थी, लेकिन जिस व्यक्ति के साथ वह घर से निकले थे, वह मौके पर मौजूद नहीं था।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत का बताया जा रहा है। लोको पायलट ने स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी थी कि अचानक एक व्यक्ति ट्रेन के सामने आ गया, जिससे टक्कर हो गई।
हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियां और शरीर पर चोट के निशान मामले को संदिग्ध बना रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि मृतक की पुत्री की शादी 19 मई को तय थी, ऐसे में इस दुखद घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है।