
प्राथमिक विद्यालय परासी का औचक निरीक्षण: पठन-पाठन व साफ-सफाई की बदहाल स्थिति पर भड़कीं सीडीओ जागृति अवस्थी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने बुधवार को घोरावल ब्लॉक क्षेत्र के परासी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति बेहद खराब मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और जिम्मेदारों को कड़ी चेतावनी दी।
घोरावल ब्लॉक की स्थिति का निरीक्षण करने निकली सीडीओ रास्ते में अचानक प्राथमिक विद्यालय परासी पहुंच गईं। सीडीओ को अचानक विद्यालय पहुंचता देख वहां मौजूद शिक्षकों में हड़बड़ी की स्थिति बन गई। उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका की जांच की और इसके बाद बच्चों की उपस्थिति देखी। जांच में सामने आया कि विद्यालय में कुल 52 छात्र नामांकित हैं, लेकिन निरीक्षण के समय मात्र 29 बच्चे ही उपस्थित मिले। यह स्थिति तब सामने आई जब विद्यालय में परीक्षा चल रही थी।
इसके बाद सीडीओ ने बच्चों से सीधे संवाद कर शिक्षा के स्तर का आकलन किया। उन्होंने बच्चों से जोड़-घटाना और गुणा-भाग के सवाल पूछे, लेकिन अधिकांश बच्चे संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। इस पर उन्होंने शिक्षकों को फटकार लगाते हुए कहा कि तीन शिक्षकों की तैनाती के बावजूद शिक्षा का स्तर कमजोर होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर सीडीओ ने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि जल्द ही पठन-पाठन व व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद सीडीओ ने घोरावल ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर वहां की विभिन्न योजनाओं और कार्यों की भी समीक्षा की।
इस दौरान डीडीओ हेमंत सिंह, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर सिंह तथा बीडीओ घोरावल नितिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।