• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
गरीब मजदूर के नाम पर फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों का खेल, जीएसटी–आयकर चोरी का आरोप; आरोपी पर मुकदमा दर्ज 

गरीब मजदूर के नाम पर फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों का खेल, जीएसटी–आयकर चोरी का आरोप; आरोपी पर मुकदमा दर्ज 


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

नौकरी का झांसा देकर कराया दस्तावेजों का दुरुपयोग, धमकी देने का भी आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

सोनभद्र जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गरीब मजदूर के नाम पर फर्जी फर्म खोलकर करोड़ों रुपये का लेनदेन करने, जीएसटी व आयकर चोरी करने तथा धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिर्जापुर जनपद के संतनगर थाना क्षेत्र के कन्हईपुर गांव निवासी शिवधनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आर्थिक तंगी के चलते करीब आठ वर्ष पूर्व सोनभद्र के घोरावल क्षेत्र के नौगवां निवासी अजय पटेल उसके संपर्क में आया।

आरोप है कि अजय पटेल ने बैटरी कारोबार में काम दिलाने का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया, जहां शिवधनी करीब 8 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करने लगा। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उसका विश्वास जीतकर जुलाई 2020 में उसके आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज अपने पास ले लिए और उसके नाम पर रॉबर्ट्सगंज में एक फर्जी फर्म पंजीकृत करा दी।

शिवधनी का आरोप है कि उसके नाम से संचालित फर्म के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया, जबकि उसे इसकी कोई जानकारी नहीं थी। साथ ही जीएसटी और आयकर की चोरी भी की गई। जब इस पूरे मामले की जानकारी उसे हुई और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी अजय पटेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह मामला न केवल आर्थिक अपराध का गंभीर उदाहरण है, बल्कि गरीब और असहाय लोगों के शोषण की भी एक बड़ी तस्वीर पेश करता है। प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .