
रिहंद बांध में केज कल्चर परियोजना में अनियमितता पर कैबिनेट मंत्री नाराज
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद शुक्रवार को पिपरी स्थित रिहंद बांध पहुंचे,जहां उन्होंने केज कल्चर परियोजना का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्हें परियोजना में गंभीर अनियमितताएं मिलीं,जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री का काफिला दोपहर करीब 11 बजे डोंगियानाला स्थित रिहंद जलाशय पहुंचा। वहां से उन्होंने नाव के जरिए मछली पालन के लिए लगाए गए केज का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मंत्री ने बताया कि केज कल्चर परियोजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है।उन्होंने कहा कि पूर्व में केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए केज को भी नया दिखाकर धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। इसके अलावा लाभार्थियों के नाम पर भेजी गई सरकारी राशि भी उनसे वापस लेकर एक ही व्यक्ति को फायदा पहुंचाया जा रहा है,जिससे सरकार की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है।निरीक्षण के दौरान कई केज में मछली पालन नहीं हो रहा था और उनमें काई जमी हुई है,जो लापरवाही और भ्रष्टाचार का स्पष्ट संकेत है। मंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले में छोटे से लेकर बड़े स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।निरीक्षण के बाद वापसी के दौरान कैबिनेट मंत्री संजय निषाद रेणुकूट बाजार में योजना की लाभार्थी पूजा देवी के घर पहुंचे। यहां पूजा देवी ने मंत्री को बताया कि उनके खाते में 90 हजार रुपये आए थे,लेकिन विभाग के ही लोग दबाव बनाकर पूरी राशि वापस मांग रहे हैं और उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया जा रहा है।इस पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पिपरी थाने के क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव को निर्देशित किया कि विभाग के सभी लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी के साथ कोई गलत व्यवहार न हो।इसके अलावा एक अन्य लाभार्थी निर्मला देवी ने भी मंत्री को बताया कि उन्हें योजना का लाभ सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है। वहीं योजना के लिए आवेदन कर चुके अनुज अग्रवाल ने भी शिकायत किया कि आवेदन करने के बावजूद उन्हें विभाग द्वारा योजना का लाभ नहीं दिया गया। इस दौरान लखनऊ से आए विभागीय अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। साथ ही अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार,उप जिलाधिकारी निखिल यादव,पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडे,सहायक निदेशक मत्स्य आर.के. श्रीवास्तव,मत्स्य निरीक्षक राकेश ओझा,क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।