
लखनिया दरी में पर्यटकों को बड़ी राहत: अवैध वसूली पर रोक, ठेकेदार को नोटिस; दुर्व्यवहार पर होगी सख्त कार्रवाई
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो – कमलेश पाण्डेय
📞 8382048247
मिर्जापुर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लखनिया दरी जलप्रपात पर आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लगातार मिल रही शिकायतों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद वन विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए यहां हो रही अवैध वसूली पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही, पार्किंग शुल्क वसूली का ठेका अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। अब फिलहाल पर्यटकों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि लखनिया दरी में कुछ दिनों से पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार, जबरन वसूली और गंदगी की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। कई वीडियो वायरल होने के बाद विभाग हरकत में आया और मौके की स्थिति का संज्ञान लिया।
डीएफओ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में पर्यटकों से बदसलूकी या अवैध वसूली की शिकायत मिली, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के इस कदम से न सिर्फ पर्यटकों को राहत मिली है, बल्कि पर्यटन स्थल की व्यवस्था सुधारने की दिशा में भी यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।