• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
असंगठित श्रमिकों व छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत—पेंशन योजनाओं में पंजीकरण की अपील

असंगठित श्रमिकों व छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत—पेंशन योजनाओं में पंजीकरण की अपील


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

 

चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

भविष्य सुरक्षित करने का सुनहरा अवसर, शीघ्र कराएं पंजीकरण—जिलाधिकारी बी.एन. सिंह

सोनभद्र। जनपद के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं छोटे व्यापारियों के लिए केंद्र सरकार की पेंशन योजनाएं भविष्य को सुरक्षित बनाने का मजबूत माध्यम बन रही हैं। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने सभी पात्र श्रमिकों, दुकानदारों एवं स्व-नियोजित व्यक्तियों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं राष्ट्रीय पेंशन योजना में अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराकर इनका लाभ उठाएं।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत ऐसे असंगठित श्रमिक पात्र हैं, जिनकी मासिक आय 15,000 रुपये तक है, आयु 18 से 40 वर्ष के बीच है और जो ईएसआई/ईपीएफ जैसी योजनाओं से आच्छादित नहीं हैं। वहीं राष्ट्रीय पेंशन योजना का लाभ छोटे व्यापारी, दुकानदार एवं स्व-नियोजित व्यक्ति ले सकते हैं, जिनका वार्षिक कारोबार 1.5 करोड़ रुपये तक है और जो आयकरदाता नहीं हैं।

सरल प्रक्रिया, कम अंशदान में सुरक्षित भविष्य

दोनों योजनाओं में पंजीकरण की प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है। इच्छुक लाभार्थी आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं पासपोर्ट साइज फोटो के साथ अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर आसानी से पंजीकरण करा सकते हैं। आय या कारोबार के लिए किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है, केवल स्वयं की घोषणा ही पर्याप्त है।

योजना के अंतर्गत लाभार्थी को आयु के अनुसार प्रति माह 55 रुपये से 200 रुपये तक का अंशदान जमा करना होता है, जिसमें समान अंशदान केंद्र सरकार द्वारा भी दिया जाता है।

60 वर्ष के बाद हर माह मिलेगी पेंशन

इन योजनाओं के तहत 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर लाभार्थी को प्रति माह 3000 रुपये की सुनिश्चित पेंशन प्रदान की जाती है। साथ ही, लाभार्थी की मृत्यु होने पर उसके जीवनसाथी को 50 प्रतिशत पारिवारिक पेंशन का लाभ मिलेगा।

यदि कोई लाभार्थी बीच में योजना छोड़ना चाहता है, तो उसकी जमा राशि ब्याज सहित वापस कर दी जाती है। वहीं मृत्यु या स्थायी अपंगता की स्थिति में जीवनसाथी योजना को जारी रख सकता है या जमा धनराशि प्राप्त कर सकता है।

जनपदवासियों से अपील

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र श्रमिकों एवं छोटे व्यापारियों से अपील की है कि वे इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाते हुए शीघ्र पंजीकरण कराएं और अपने साथ-साथ अपने परिवार के भविष्य को भी सुरक्षित बनाएं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .