
सोनभद्र में बड़ी कार्रवाई: सामूहिक दुष्कर्म व पशु तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत 14 आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जनपद में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय सामूहिक दुष्कर्म और पशु तस्करी से जुड़े गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए सरगना सहित कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार पन्नूगंज थाना क्षेत्र में बीते वर्ष एक महिला के साथ रास्ते से खींचकर सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना सामने आई थी। मामले की जांच में यह भी उजागर हुआ कि आरोपी पूर्व में भी इस तरह के अपराधों में संलिप्त रहे हैं। इस गंभीर प्रकरण को आधार बनाकर पुलिस ने गिरोह के खिलाफ सख्त कदम उठाए।
कार्रवाई के दौरान पन्नूगंज, रामपुर बरकोनिया, दुद्धी, कोन और घोरावल थानों में कुल पांच गिरोहों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शुक्रवार को अभियान चलाकर गिरोह के सरगनाओं समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को पुलिस लाइन लाकर गहन पूछताछ की गई।
पन्नूगंज थाना प्रभारी निरीक्षक कुमुदशेखर सिंह ने सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरोह सरगना मंटू उर्फ विवेकानंद शुक्ला सहित पांच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं रामपुर बरकोनिया थाना प्रभारी विनोद यादव ने गोतस्करी से जुड़े गिरोह सरगना सलीम सहित अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसा।
इसके अलावा कोन, दुद्धी और घोरावल थाना प्रभारियों द्वारा भी गोतस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। पन्नूगंज को छोड़कर अन्य सभी मामलों में पशु तस्करी से जुड़े अपराधियों को नामजद किया गया है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार के संगठित अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा