
बड़ी कार्रवाई: चार अंतरराज्यीय पशु तस्कर गिरफ्तार, 10 मवेशी मुक्त
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो: कमलेश पाण्डेय |
8382048247
घोरावल (सोनभद्र)।
कोतवाली घोरावल पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 मवेशियों को मुक्त कराया, जिन्हें क्रूरता पूर्वक पिकअप वाहन में भरकर झारखंड ले जाया जा रहा था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान झारखंड राज्य के गढ़वा जनपद अंतर्गत थाना केतार के ग्राम नवाडीह निवासी विजय कुमार रजत, थाना रमना क्षेत्र के करचा निवासी सुरेंद्र बैठा, थाना केतार के बलिगढ़ निवासी उमेश कुमार बैठा और राजेश बिंद के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआई आशुतोष राय के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में पशुओं को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने फुलवारी चौराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन में 5 गाय और 5 बछड़े (कुल 10 पशु) अमानवीय तरीके से ठूंसे हुए पाए गए। पुलिस ने तत्काल सभी पशुओं को मुक्त कराते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास भी बढ़ा है।