
म्योरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ खेलते 20 आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
* चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
* 8382048247
₹2.34 लाख नकद, 4 वाहन, 20 मोबाइल और ताश की गड्डियां बरामद
अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, विभिन्न राज्यों के आरोपी शामिल
जनपद सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से ₹2,34,300 नकद, 4 चारपहिया वाहन, 3 ताश की गड्डियां और 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व क्षेत्राधिकारी दुद्धी के मार्गदर्शन में की गई। थाना म्योरपुर पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम कुदरी (भदहर टोला) में बड़ी संख्या में लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में परिचित हैं और समय-समय पर एकत्र होकर ताश के पत्तों पर रुपये-पैसे की बाजी लगाते हैं। घटना के दिन भी सभी आरोपी सुनसान स्थान पर टॉर्च की रोशनी में जुआ खेल रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऐसे स्थानों का चयन करते थे जहां आवाजाही कम हो, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें।जांच में यह भी सामने आया कि इस गैंग में कुछ लोग अन्य जनपदों व राज्यों—मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड—से आकर शामिल होते थे। इस गिरोह का मुख्य संचालक राजेश कुमार निवासी कुदरी बताया गया है, जो अन्य आरोपियों को एकत्र कर जुआ खेलने की व्यवस्था करता था।पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹2,09,700 नकद (फड़ से) और ₹24,600 व्यक्तिगत तलाशी में बरामद किए। इसके अलावा 3 ताश की गड्डियां, 17 एंड्रॉयड मोबाइल व 3 कीपैड फोन, तथा 4 चारपहिया वाहन (ब्रेजा, किया, वेन्यू सहित) बरामद किए गए, जिन्हें वैध कागजात न होने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी म्योरपुर रविकांत मिश्र,उपनिरीक्षक मनोज सिंह चौकी प्रभारी लीलासी,उपनिरीक्षक अनंत राय, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों की टीम शामिल रही, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से छापेमारी कर सफलता हासिल की।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।