
सहिजन खुर्द में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सहिजन खुर्द गांव से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टाटा बोल्ट कार में रखी करीब 40 लीटर स्प्रिट मिश्रित अवैध शराब, शराब की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले नौ ढक्कन और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद ढक्कनों में पांच इम्पीरियल ब्लू और चार रॉयल स्टैग ब्रांड के बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सहिजन खुर्द स्थित देशी शराब ठेके के सामने पुलिया के पास एक टाटा बोल्ट कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी है, जिसमें अवैध शराब बनाने एवं पैकिंग से संबंधित सामग्री मौजूद है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संदिग्ध कार की तलाशी ली तो उसमें तीन व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान रामकुमार पुत्र भरत सिंह निवासी पेंतावास कला, चरखी दादरी, हरियाणा, सोनू पुत्र सुभाष निवासी मुबारिकपुर, मेरठ, हाल पता डेरावसी, मोहाली, पंजाब तथा विनोद पुत्र चंद्रराम निवासी हंसावास खुर्द, चरखी दादरी, हरियाणा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान कार के अगले हिस्से में गियर के पास से शराब की बोतलों के नौ ढक्कन बरामद हुए। इसके अलावा कार की डिग्गी में 50 लीटर क्षमता का एक नीले रंग का प्लास्टिक जरीकेन मिला, जिसमें करीब 40 लीटर स्प्रिट मिश्रित शराब भरी हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।