• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
_छह वर्षीय मासूम प्रिंस की हत्या ने झकझोरा, अपहरण की शिकायत के बाद भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

_छह वर्षीय मासूम प्रिंस की हत्या ने झकझोरा, अपहरण की शिकायत के बाद भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

*_9 नवंबर को हुआ अपहरण, फिरौती की मांग से दहशत में था परिवार; 11 नवंबर को हत्या की खबर ने छीन ली घर की खुशियां, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की उठी मांग?_*

 

जिस अनहोनी की आशंका से एक परिवार दो दिनों तक तड़पता रहा, आखिरकार वही हुआ, जिसका डर हर पल परिजनों को सता रहा था। छह वर्षीय मासूम प्रिंस का अपहरण और फिरौती की मांग के बाद उसकी हत्या की खबर ने न सिर्फ परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक घटना ने विंध्याचल पुलिस की कार्यप्रणाली और समय रहते कार्रवाई न किए जाने को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

बताया जाता है कि 9 नवंबर को मासूम प्रिंस का अपहरण किया गया था। अपहरणकर्ताओं द्वारा फिरौती की रकम मांगे जाने के बाद परिजनों ने तत्काल 112 पीआरवी को सूचना दी और विंध्याचल थाने को भी घटना से अवगत कराया। अनहोनी की आशंका से पूरा परिवार बदहवास होकर बच्चे की सलामती की दुआ करता रहा। आरोप है कि 10 नवंबर तक पुलिस पीड़ित परिजनों के पास नहीं पहुंची। इस बीच अपहरण की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगी। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। 10 नवंबर को चौकी में परिजनों के साथ पुलिस की बातचीत और पंचायत होती रही।

 

लेकिन समय बीतता गया और मासूम की जिंदगी बचाने की उम्मीद टूट गई। 11 नवंबर को अपहरणकर्ता द्वारा बालक की हत्या किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस और अपहरणकर्ता के बीच मुठभेड़ की सूचना भी सामने आई।

 

जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलने वाली योगी सरकार में आखिर एक मासूम के अपहरण जैसी गंभीर घटना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? परिजनों द्वारा नामजद प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद कार्रवाई में देरी क्यों हुई? क्या समय रहते पुलिस गंभीरता दिखाती तो मासूम की जान बच सकती थी?

 

आम जनमानस की निगाहें अब पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि वह मामले की निष्पक्ष जांच कराकर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करेंगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। सवाल सिर्फ एक परिवार के इंसाफ का नहीं, बल्कि उस भरोसे का भी है, जिसके सहारे आम नागरिक पुलिस से अपनी सुरक्षा की उम्मीद करता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .