• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सोनभद्र में अवैध खनिज कारोबारियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 4.18 करोड़ की संपत्ति कुर्क

सोनभद्र में अवैध खनिज कारोबारियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 4.18 करोड़ की संपत्ति कुर्क


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

गैंगस्टर एक्ट के तहत तीन आरोपियों पर कार्रवाई, परिजनों के नाम खरीदी गई जमीनें भी कुर्की के दायरे में; दो ट्रक जब्त

सोनभद्र। अवैध गिट्टी और बालू के कारोबार से कथित तौर पर करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना वैध परमिट खनिजों का परिवहन कर अकूत संपत्ति खड़ी करने के आरोप में तीन लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसते हुए पुलिस ने करीब 4 करोड़ 18 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के साथ-साथ उनके परिजनों के नाम पर खरीदी गई जमीनों को भी कुर्की के दायरे में शामिल किया गया। इसके अलावा दो ट्रकों को भी जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन और खनिज परिवहन के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस ने जिलाधिकारी की ओर से गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जारी कुर्की आदेशों का अनुपालन कराया।

एएसपी (मुख्यालय) मेविस टॉक के अनुसार, तीनों आरोपियों पर बिना वैध परमिट गिट्टी और बालू का परिवहन कर अवैध रूप से धन अर्जित करने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया कि कथित अवैध कमाई से आरोपियों ने अपने साथ-साथ परिजनों के नाम पर भी अलग-अलग गांवों में कृषि एवं आवासीय भूमि सहित अन्य संपत्तियां खरीदी थीं। इन संपत्तियों को चिह्नित कर कुर्की की संस्तुति के साथ जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई थी। जिलाधिकारी के आदेश के बाद 14 नवंबर को कुर्की की कार्रवाई की गई।

आरिफ खान की 1.43 करोड़ की संपत्ति कुर्क

रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के परही गांव निवासी आरिफ खान की करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें उरमौरा नगर पालिका क्षेत्र में स्थित आवासीय भूखंड के साथ दो ट्रक भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ खनिजों के अवैध परिवहन समेत विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

अखिलेश उर्फ धीरज केशरी की 1.25 करोड़ की संपत्ति पर कार्रवाई

रायपुर थाना क्षेत्र के वैनी निवासी एवं वर्तमान में इंद्रपुरी कॉलोनी रॉबर्ट्सगंज में रहने वाले अखिलेश उर्फ धीरज केशरी की करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें आरोपी की मां कुसुम देवी और पिता संजय केशरी के नाम पर विभिन्न गांवों में खरीदी गई कृषि एवं आवासीय जमीनें शामिल हैं। पुलिस ने देवरी, अवई, खड़हारी, नंदना और उरमौरा में स्थित चिह्नित संपत्तियों को कुर्क किया।

छोटू यादव की 1.50 करोड़ की संपत्ति जब्त

चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी (भुइहरिया बंधा) निवासी छोटू यादव उर्फ अमिनेष यादव की करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति पर भी कुर्की की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित अवैध कमाई से अपने माता-पिता हंसा देवी और संकठा प्रसाद यादव के नाम पर बेलकप गांव में कई भूखंड खरीदे थे। जांच में चिह्नित इन सभी संपत्तियों को जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में कुर्क कर लिया गया।

अपराध से खड़े किए गए आर्थिक साम्राज्य पर भी होगी कार्रवाई : मेविस टॉक

अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक ने कहा कि जनपद में संगठित अपराध और अवैध खनिज परिवहन से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से कमाई गई धनराशि से अपने अथवा परिजनों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों को चिह्नित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल आपराधिक घटनाओं पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध के जरिए खड़े किए गए आर्थिक नेटवर्क को भी कमजोर करना है। अवैध खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम रही मौजूद

कुर्की की कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, तहसीलदार अमित कुमार, चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता, रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, चोपन के निरीक्षक अपराध राजेश यादव, महिला थानाध्यक्ष समेत पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .