
कोलिया घाटी की पहाड़ी पर गिट्टी लदा 16 चक्का ट्रक पलटा, चालक घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुरुवल ग्राम पंचायत के अंतर्गत कोलिया घाटी की पहाड़ी पर गिट्टी लदा 16 चक्का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे गिट्टी लदा 16 चक्का ट्रक कोलिया घाटी की पहाड़ी पर चढ़ रहा था। इसी दौरान पहाड़ी मार्ग पर अचानक ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते भारी-भरकम ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में ट्रक का चालक गोपाल (35 वर्ष) घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक मिर्जापुर जनपद का है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए शाम करीब छह बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. रीतेश कुमार की देखरेख में घायल चालक का उपचार शुरू किया गया।
चिकित्सक डॉ. रीतेश कुमार ने बताया कि घायल चालक की हालत में सुधार है और उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति में पहले से बेहतर सुधार बताया जा रहा है।
कोलिया घाटी की पहाड़ी पर हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि हादसे में चालक के अलावा किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है।