
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर डीएम और एसपी ने भोगांव घाट का किया निरीक्षण
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, गहरे पानी में होगी बैरिकेडिंग और तैनात रहेंगे गोताखोर
मिर्जापुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक ने ग्राम सभा भोगांव स्थित पुरानी काशी भोगांव घाट एवं उत्तर वाहिनी गंगा तट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर पहुंचकर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि उत्तर वाहिनी गंगा तट स्थित भोगांव घाट पर छठ पूजा के अवसर पर मिर्जापुर के साथ-साथ पड़ोसी जनपद भदोही से भी बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पर्व के दौरान घाट पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर गंभीर है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के सुरक्षित स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाट पर कहीं भी गंदगी न रहने पाए। श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों को व्यवस्थित किया जाए और सभी आवश्यक सुविधाएं पूजा से पहले ही सुनिश्चित कर ली जाएं, जिससे व्रती महिलाओं और उनके परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पूजा आस्था और श्रद्धा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता होती है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। घाट पर साफ-सफाई से लेकर प्रकाश, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, महिलाओं की सुरक्षा बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। घाट के आसपास भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की जाए, ताकि किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
गंगा में गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही घाट पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से तैयार रखने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि छठ पूजा के अवसर पर भोगांव घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न होगा। प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को समय रहते दूर कर लिया जाए, ताकि आस्था के इस महापर्व पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।