
माला देने से मना करने पर 14 वर्षीय किशोर पर हमला, सिर में आई गंभीर चोट; कई टांके लगे
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
वैनी (सोनभद्र)। रायपुर थाना क्षेत्र के वैनी बाजार में रविवार को माला देने से मना करने पर एक 14 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में किशोर के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे उपचार के लिए वैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में कई टांके लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, रायपुर थाना क्षेत्र के पवनी गांव निवासी सुदामा माली का 14 वर्षीय पुत्र शिवम माली रविवार सुबह से ही वैनी बाजार में फूल-माला बेच रहा था। इसी दौरान आरोप है कि वैनी गांव निवासी करीब 23 वर्षीय फिंगू पटेल माला लेने को लेकर शिवम से बहस करने लगा। शिवम द्वारा माला देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि फिंगू पटेल ने किशोर पर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान शिवम के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल किशोर को तत्काल वैनी सीएचसी पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। इलाज के दौरान अस्पताल की ओर से परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
परिजन नंदू माली ने बताया कि उनका परिवार फूल-माला बेचकर आजीविका चलाता है। बाजार में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण किया जाता है। कम उम्र के किशोर के साथ हुई इस घटना से परिजन चिंतित हैं।
फिलहाल घायल किशोर का वैनी सीएचसी में उपचार जारी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा है।