• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
पत्नी और नवजात बेटे से मिलने जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

पत्नी और नवजात बेटे से मिलने जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

मो. 8382048247

म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ के समीप बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर सोमवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के दाएं हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया। वहां चिकित्सक डॉ. लालजी राम ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल युवक की पहचान विनोद पुत्र रामवृक्ष निवासी टेढ़ीटेन टोला, ग्राम पंचायत कुलडोमरी, थाना अनपरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विनोद की पत्नी का मायका म्योरपुर थाना क्षेत्र के बबनडीहा गांव के भलुही टोला में है। दीपावली के पावन अवसर पर ही उनकी पत्नी ने घर पर एक बेटे को जन्म दिया था। पिता बनने की खुशी और पत्नी व नवजात बेटे से मिलने की उत्सुकता में विनोद अनाज तथा घर की अन्य जरूरी सामग्री लेकर बाइक से अपने ससुराल जा रहे थे।

बताया जाता है कि आश्रम मोड़ से करीब 50 मीटर पहले विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विनोद सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस घर में नवजात बेटे के आगमन से खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही परिजनों की खुशियां चिंता और परेशानी में बदल गईं।

फिलहाल घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .