• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
दिनदहाड़े पटाखों की बिक्री ने उजाड़ दिया विधवा का आशियाना, आग में गृहस्थी हुई खाक

दिनदहाड़े पटाखों की बिक्री ने उजाड़ दिया विधवा का आशियाना, आग में गृहस्थी हुई खाक


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

**पति की मौत के आठ महीने बाद चार मासूम बच्चों के साथ बेसहारा हुई नीतू देवी, घर में खाने-पीने से लेकर पहनने तक का सामान जला – खुलेआम बिक रहे पटाखों पर उठे सवाल**

 

**विंध्याचल, मीरजापुर।** थाना विंध्याचल क्षेत्र के बनवारीपुर स्थित नए पुरवा में पटाखों की चिंगारी ने एक गरीब विधवा महिला की पूरी गृहस्थी को राख में तब्दील कर दिया। दिनदहाड़े लगी आग में नीतू देवी का कच्चा-पक्का आशियाना और घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। चार छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया पहले ही उठ चुका था, अब आग ने उनके सिर से छत और मां की वर्षों की मेहनत से जुटाई गृहस्थी भी छीन ली।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीतू देवी (38) पत्नी स्वर्गीय बबलू निषाद अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए सब्जी का ठेला लगाकर किसी तरह गुजर-बसर करती थीं। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं। सबसे बड़ा बेटा महज नौ वर्ष का है, जबकि अन्य बच्चे उससे भी छोटे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद दयनीय थी। करीब आठ महीने पूर्व उनके पति बबलू निषाद की कैंसर से पीड़ित होने के कारण मौत हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद चारों बच्चों की पूरी जिम्मेदारी नीतू देवी के कंधों पर आ गई थी। वह दिनभर सब्जी बेचकर जो कुछ कमा पाती थीं, उसी से बच्चों का पेट पालती थीं।

 

बताया जाता है कि घटना के समय नीतू देवी रोज की तरह सब्जी का ठेला लेकर बाजार में बिक्री करने निकली थीं। इसी दौरान अचानक सूचना मिली कि उनके घर में आग लग गई है। यह खबर सुनते ही वह बदहवास हालत में अपना ठेला छोड़कर घर की ओर दौड़ पड़ीं। लेकिन जब घर पहुंचीं तो सामने का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आग की लपटों ने उनके आशियाने को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। घर में रखा अनाज, बर्तन, बिस्तर, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान सब कुछ जलकर राख हो चुका था। अपनी जिंदगी भर की जमा-पूंजी और बच्चों के भविष्य को यूं राख होते देख नीतू देवी बदहवास होकर बेहोश हो गईं।

 

आग बुझने के बाद घर में ऐसा कुछ भी नहीं बचा, जिससे परिवार दोबारा अपनी जिंदगी की शुरुआत कर सके। मां और चारों बच्चे अब दूसरों के सहारे जीवन गुजारने की स्थिति में पहुंच गए हैं। बच्चों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा बदलने के लिए भी कपड़े नहीं बचे हैं। सर्दी का मौसम दस्तक दे रहा है। ऐसे में चार मासूम बच्चों को ठंड से बचाना और उनके लिए दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना नीतू देवी के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। जिस महिला के लिए रोज की कमाई से परिवार चलाना पहले ही मुश्किल था, उसके सामने अब पूरी गृहस्थी दोबारा बसाने का पहाड़ जैसा संकट खड़ा हो गया है।

 

**खुलेआम पटाखों की बिक्री पर उठे सवाल**

 

इस घटना के बाद क्षेत्र में खुलेआम हो रही पटाखों की बिक्री और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विंध्याचल और शिवपुर सहित आसपास के इलाकों में इस बार जगह-जगह पटाखों की दुकानें खुल गई हैं। पहले पटाखों की बिक्री के लिए लाइसेंस और निर्धारित नियमों का पालन करना पड़ता था, जिससे दुकानदारों में नियमों के उल्लंघन को लेकर भय बना रहता था। लेकिन इस बार कई स्थानों पर खुलेआम पटाखों की बिक्री होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि कई दुकानों पर सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी की जा रही है, बावजूद इसके प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

 

बनवारीपुर की घटना ने पटाखों की बिक्री, भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते नियमों का सख्ती से पालन कराया गया होता और अवैध रूप से पटाखों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया गया होता तो शायद ऐसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता था। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और पटाखों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

**चार मासूम बच्चों के भविष्य पर संकट**

 

एक तरफ पति को खोने का दर्द और दूसरी तरफ आग में पूरी गृहस्थी उजड़ जाने की पीड़ा ने नीतू देवी को पूरी तरह तोड़ दिया है। गांव में हर तरफ इस बेबस मां और उसके चार मासूम बच्चों की दुर्दशा की चर्चा हो रही है। अब सवाल यह है कि इस परिवार को संकट की घड़ी में कौन सहारा देगा? क्या प्रशासन इस बेसहारा परिवार की सुध लेकर तत्काल आर्थिक सहायता, राशन, कपड़े और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराएगा? साथ ही क्षेत्र में पटाखों की दुकानों की जांच कर सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा?


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .