
रास्ते से ट्रैक्टर हटाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पिता समेत दो बेटियां घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
घोरावल के घुवास गांव में हुई घटना, तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के घुवास गांव में रास्ते से ट्रैक्टर हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में अशोक और उनकी दो बेटियां घायल हो गईं। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घुवास गांव निवासी अशोक (43) पुत्र हूबलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे वह अपना ट्रैक्टर लेकर रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बालगोविंद का ट्रैक्टर खड़ा था, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही थी। अशोक ने रास्ता खाली कराने के लिए ट्रैक्टर हटाने को कहा, लेकिन चालक ने ट्रैक्टर हटाने से इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। आरोप है कि इस दौरान अशोक और उनकी दो बेटियों के साथ मारपीट की गई, जिससे तीनों घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने घोरावल कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।