
तालाब में डूबने से छह वर्षीय मासूम आकाश की मौत, परिवार में मचा कोहराम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
मछली पकड़ते समय गहरे पानी में चला गया बालक, पांच घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से निकाला गया शव
सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के केवटा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बालक गांव के बाहर तालाब में कटिया लगाकर मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दिनेश पुत्र बेचन का छह वर्षीय बेटा आकाश सोमवार सुबह करीब 11 बजे गांव के बाहर स्थित तालाब में कटिया लगाकर मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस चौकी प्रभारी उदय नारायण सिंह मौर्य और हेड कांस्टेबल मुहम्मद इम्तियाज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों की मदद से बालक की तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब चार बजे आकाश का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका।
इसके बाद परिजन और पुलिस बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. देवेश पांडेय और डॉ. नदीम खान ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शाम करीब पांच बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।