• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
मिर्जापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में अधेड़ की मौत, दो घायल 

मिर्जापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में अधेड़ की मौत, दो घायल 


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

मां को अस्पताल में खाना देकर घर लौट रहे थे रऊक, हादसे में परिवार ने खोया सहारा; पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मिर्जापुर। जिले के कछवां थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय रऊक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा बजरडीहा चट्टी के पास रात करीब 12:30 बजे हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, जलालपुर निवासी रऊक पुत्र मुख्तार वाराणसी स्थित पॉपुलर हॉस्पिटल में भर्ती अपनी मां को खाना देने गए थे। वहां से खाना देकर वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कछवां थाना क्षेत्र के बजरडीहा चट्टी के पास उनकी बाइक की दूसरी बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रऊक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में रऊक के साथ बाइक पर सवार नूर आलम भी घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ठीक बताया जा रहा है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार चुनार थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर निवासी अनुराग सिंह पटेल, पुत्र हनुमान सिंह पटेल, भी घायल हुए हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रऊक साड़ी बुनाई का लूम कारखाना चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। बताया गया है कि पांचों बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है। परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे रऊक की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जिस व्यक्ति के कंधों पर परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी थी, उसके असमय चले जाने से परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है। हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मां को खाना देकर घर लौट रहे रऊक को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठा दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .