
_तीज पर्व पर विंध्याचल में रहेगा पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
*गंगा घाट से मंदिरों और प्रमुख चौराहों तक तैनात रहेगी पुलिस, थाना प्रभारी अजीत सिंह करेंगे मॉनिटरिंग!!*
मीरजापुर। तीज पर्व को लेकर विंध्याचल पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। महिलाओं के कठिन व्रत और मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए होने वाली भीड़ को देखते हुए पूरे विंध्याचल क्षेत्र में पुलिस की विशेष चौकसी रहेगी। थाना प्रभारी अजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की कई टीमें गठित की गई हैं, जो प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखेंगी।
तीज के अवसर पर महिलाएं सज-धजकर और स्वर्ण आभूषण पहनकर विंध्यवासिनी मंदिर सहित विभिन्न शिव मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचती हैं। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए पुलिस ने सुरक्षा का मजबूत खाका तैयार किया है।
विंध्यवासिनी मंदिर मार्ग, गंगा घाट, शिव मंदिरों के आसपास, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पुलिस की एक विशेष टीम की मॉनिटरिंग स्वयं थाना प्रभारी अजीत सिंह करेंगे। इसके साथ ही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकियों के प्रभारी और पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में सघन गश्त करते हुए सतर्क रहेंगे।
गंगा घाटों पर महिलाओं की सुरक्षा के साथ ही स्नान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए भी पुलिस विशेष निगरानी रखेगी। मंदिर मार्गों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के दिशा-निर्देशन में विंध्याचल पुलिस ने पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि तीज पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।