
भारी बारिश से कच्चा मकान ढहा, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा; पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। जनपद मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगहरा खुर्द गांव में शनिवार सुबह लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में रामपति मौर्य का पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उनके परिवार के सामने रहने और गुजर-बसर का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित रामपति मौर्य, पुत्र स्वर्गीय मनीराम मौर्य, ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण उनका कच्चा मकान धीरे-धीरे कमजोर हो गया था। बारिश का पानी और नमी बढ़ने से मकान की दीवारें एवं छत जर्जर हो गई थीं। शनिवार की सुबह मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा।
मकान गिरने के समय घर के अंदर रखा परिवार का आवश्यक घरेलू सामान भी मलबे में दब गया। बर्तन, चावल, गेहूं, दाल सहित गृहस्थी का अन्य सामान मलबे और बारिश के पानी में दबकर खराब हो गया। अचानक हुए इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने सिर छिपाने के साथ-साथ दैनिक जीवन की आवश्यक जरूरतों का भी संकट उत्पन्न हो गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान पति राम उजागीर मौर्य मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना की सूचना संबंधित हल्का लेखपाल को देकर मौके की जांच एवं नुकसान के आकलन की मांग की।
पीड़ित रामपति मौर्य ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मकान गिरने से हुए नुकसान का सर्वे कराए और शासन की आपदा राहत एवं अन्य पात्र योजनाओं के अंतर्गत उन्हें उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका परिवार दोबारा अपना आशियाना बना सके।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनका कच्चा मकान पूरी तरह गिर जाने के बाद अब उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। परिवार को उम्मीद है कि प्रशासन द्वारा समय रहते सहायता मिलने पर वे अपने टूटे हुए मकान का पुनर्निर्माण करा सकेंगे और सामान्य जीवन की ओर वापस लौट पाएंगे।
बता दें कि लालगंज क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में कच्चे एवं जर्जर मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद एवं प्रभावित परिवारों को समय पर राहत और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।