
कोतवाली देहात परिसर में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। थाना कोतवाली देहात परिसर में इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर पूरे थाना परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूलों की सजावट और मनमोहक रोशनी से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।
कार्यक्रम का आयोजन थाना प्रभारी अमित मिश्रा की देखरेख में किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई और भव्य झांकी सजाई गई। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पुलिसकर्मियों के साथ ही जिले के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आधी रात को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही पूरा परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव के दौरान भक्ति में सराबोर होकर भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
जन्माष्टमी महोत्सव में विशेष रूप से भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। प्रसिद्ध भजन गायक मंटू मिश्रा और अर्चन तिवारी ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। मधुर भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और भगवान की भक्ति में लीन नजर आए।
पूरे कार्यक्रम के दौरान कोतवाली देहात परिसर में श्रद्धा, उमंग और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पुलिस परिवार और स्थानीय श्रद्धालुओं ने मिलकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को यादगार बना दिया।